न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 17 जुलाई 2026 जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत नेता एवं अमर शहीद मदन पांडेय की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को नारायणपुर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण को याद किया गया। श्रद्धांजलि समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ शहीद मदन पांडेय के परिजन, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वीरेंद्र मंडल ने कहा कि स्वर्गीय मदन पांडेय का जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई 1999 को नक्सलियों ने उनके घर में घुसकर उनकी निर्मम हत्या कर दी थी, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।उन्होंने कहा कि संयुक्त बिहार के दौर में नारायणपुर क्षेत्र उग्रवाद से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में गिना जाता था। टुंडी और पीरटांड़ की ओर से नक्सली गतिविधियां लगातार बढ़ रही थीं। ऐसे कठिन समय में मदन पांडेय ने निर्भीक होकर उग्रवाद के खिलाफ आवाज उठाई और कई उग्रवादियों को पुलिस के हवाले करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी साहसिक कार्य के कारण वे उग्रवादियों के निशाने पर आ गए और अंततः अपने प्राणों की आहुति देनी पड़ी।वीरेंद्र मंडल ने कहा कि यदि उस समय मदन पांडेय जैसे साहसी लोगों ने संघर्ष नहीं किया होता तो संथाल परगना का बड़ा हिस्सा उग्रवाद की चपेट में आ सकता था। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं में राष्ट्रसेवा की भावना जगाने में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को भी समाज और देश के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद मदन पांडेय को नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर मुकेश पांडेय, श्याम सुंदर राय, बसंत रजक, जावेद अंसारी, कुबर सिंह, चित्रमोहन सेन, मनजीत डे, उत्तम मंडल, गोविंद दास, अंकुर यादव, तपन मंडल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शहीद के परिजन और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और समाज सेवा के संकल्प के साथ किया गया।
शहीद मदन पांडेय की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, वीरेंद्र मंडल ने कहा— राष्ट्र और संगठन के प्रति उनका समर्पण रहेगा अमर
