न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 17 जुलाई 2026 आसनसोल। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की इंटेलिजेंस शाखा ने शुक्रवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस अभियान के दौरान एक नई चारपहिया वाहन भी बरामद की गई, जिस पर कोई पंजीकरण नंबर अंकित नहीं था। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी का आभास होते ही वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, इंटेलिजेंस विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से पश्चिम बंगाल की ओर एक चारपहिया वाहन के जरिए भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंटेलिजेंस टीम ने कल्याणेश्वरी आउटपोस्ट पुलिस के सहयोग से विशेष अभियान चलाया। इसके तहत कल्याणेश्वरी लेफ्ट बैंक से सटे पुलिस बागान क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।जांच के दौरान संदिग्ध वाहन नाके के पास पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी देखकर चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर रखे 100 पैकेटों से कुल 104 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वाहन बिल्कुल नया है और उस पर किसी प्रकार की नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि तस्करी के उद्देश्य से पहचान छिपाने के लिए वाहन का इस्तेमाल किया जा रहा था।इंटेलिजेंस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप किस स्थान से लाई गई थी, इसे किस गंतव्य तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-सा तस्कर गिरोह सक्रिय है। वाहन के वास्तविक मालिक की पहचान, फरार चालक की तलाश और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को चिह्नित करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल संगठित गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
झारखंड से बंगाल जा रही गांजे की बड़ी खेप नाकाम, 104 किलो मादक पदार्थ और बिना नंबर की एसयूवी बरामद
