रूपनारायणपुर में खुला विधायक सेवा केंद्र, अब एक ही छत के नीचे सुनी जाएंगी जनता की समस्याएं

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 14 जुलाई 2026 सालानपुर। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जनसुविधाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को सालानपुर प्रखंड के रूपनारायणपुर में नए विधायक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। रूपनारायणपुर आउटपोस्ट के समीप डीएवी स्कूल के पास स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन बाराबनी के विधायक अरिजीत राय ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अरिजीत राय ने कहा कि यह सेवा केंद्र आम जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि अब क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें लेकर सीधे इस केंद्र पर पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक निश्चित तिथि तय की जाएगी, जिस दिन वे स्वयं यहां उपस्थित होकर लोगों से मुलाकात करेंगे। अन्य दिनों में भी पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ता नियमित रूप से यहां मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या रखने के लिए भटकना न पड़े।विधायक ने कहा कि भविष्य में क्षेत्र के सभी ‘जनता दरबार’ इसी सेवा केंद्र से संचालित किए जाएंगे। उनका उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देना है।क्षेत्र के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि अभी भी कई बुनियादी कार्य किए जाने बाकी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य में अनुकूल माहौल का लाभ उठाते हुए बाराबनी विधानसभा के विकास को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए प्रत्येक वादे को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।विधायक ने रूपनारायणपुर क्षेत्र में फायर स्टेशन की आवश्यकता का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च स्तर पर चर्चा हो चुकी है और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक पहल होने की उम्मीद है।उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय महिलाओं ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या उठाई। विधायक ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर भाजपा नेता सुभाषिश भट्टाचार्य, चिन्मय तिवारी, बबन मंडल, गोपाल राय, अभिषेक सिंह, मनीष झा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने उम्मीद जताई कि विधायक सेवा केंद्र के शुरू होने से जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान और प्रभावी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *