लच्छीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब का जखीरा जब्त, झारखंड लॉटरी रैकेट से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 14 जुलाई 2026 आसनसोल। अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नियामतपुर चौकी पुलिस ने कुल्टी थाना क्षेत्र के लच्छीपुर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और झारखंड से संचालित हो रहे अवैध लॉटरी नेटवर्क के खिलाफ दो अलग-अलग छापेमारी अभियान चलाए। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में देसी एवं विदेशी शराब के साथ अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देश पर अवैध शराब, मादक पदार्थ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने लच्छीपुर इलाके में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में देसी और विदेशी शराब बरामद की। मामले में भीम मांझी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर यह पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है कि इसकी आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।इसी दिन पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में लच्छीपुर गेट क्षेत्र में झारखंड की अवैध लॉटरी के कारोबार पर भी शिकंजा कसा। छापेमारी के दौरान सूरज साव नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से बड़ी संख्या में झारखंड लॉटरी के अवैध टिकट, बिक्री से संबंधित दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था।दोनों आरोपियों को मंगलवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर देने की मांग की है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि झारखंड की अवैध लॉटरी का संचालन एक संगठित गिरोह के माध्यम से किया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थ, सट्टा और लॉटरी जैसे गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए नियमित छापेमारी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *