बंद मकान से मिली युवक की सड़ी-गली लाश, पबिया में फैली सनसनी; हत्या की आशंका पर पुलिस जांच में जुटी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 जून 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पबिया स्थित एक पुराने और लंबे समय से बंद पड़े मकान से युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव की हालत अत्यंत खराब होने के कारण मौके पर पहुंचने वाले लोग भी सन्न रह गए। मृतक की पहचान रमा बावरी उर्फ धोना बाबरी के रूप में की गई है, जो स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।प्राप्त जानकारी के अनुसार रमा बावरी पिछले शनिवार से अपने घर से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इसी बीच सोमवार की देर शाम टीचर ट्रेनिंग कॉलेज परिसर में स्थित एक बंद पड़े मकान की दिशा से तेज दुर्गंध आने लगी। आसपास के लोगों को जब कुछ अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने मकान के अंदर जाकर देखा। वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था।शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतक के शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे मौत को लेकर संदेह और गहरा गया है। कई लोगों ने आशंका जताई है कि यह मामला सामान्य मौत का नहीं बल्कि हत्या से जुड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।बताया जाता है कि मृतक की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। उसके कोई संतान नहीं थी और वह दैनिक मजदूरी कर जीवनयापन करता था। अचानक उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना की सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि मृतक के लापता होने की कोई आधिकारिक सूचना पूर्व में पुलिस को नहीं दी गई थी। शव मिलने के बाद यूडी केस दर्ज कर लिया गया है तथा पोस्टमार्टम के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *