न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 22 अगस्त जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव स्थित साप्ताहिक हाट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न हिंदू संगठनों ने मामले पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में एक व्यक्ति भगवान श्रीराम, हनुमान जी, मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवताओं के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। वीडियो के प्रसारित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। लोगों ने पुलिस प्रशासन से वीडियो की सत्यता की जांच कराने तथा दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।इसी क्रम में समाजसेवी राजेंद्र मंडल, वासुदेव मंडल, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष अनूप राय समेत अन्य लोगों ने करमाटांड़ थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 60/26 दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफरोज आलम के रूप में बताई गई है। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया के तहत आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा।सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपीलघटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। लोगों ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो या दावे को बिना सत्यापन के आगे साझा करने से बचना चाहिए। वहीं, करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे से मामले की विस्तृत जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी देने से परहेज किया। पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार

