न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 सितंबर जामताड़ा। लगातार हो रही बारिश के बीच अजय नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ गया है। इसी दौरान गुरुवार को पाथरघाटा घाट के समीप ग्रामीणों की तत्परता से बाढ़ के पानी में बह रहे एक अज्ञात व्यक्ति की जान बच गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच की है। पत्थरघाट गांव के कुछ ग्रामीण नदी किनारे मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर तेज बहाव के बीच बह रहे एक व्यक्ति पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए एक-दूसरे की मदद से नदी के पानी में उतरकर उसे बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्राम प्रधान दीनू दास ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अज्ञात व्यक्ति को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नाला ले जाया गया। वहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार शुरू किया गया।
पुलिस अवर निरीक्षक हेमकांत ठाकुर ने बताया कि फिलहाल व्यक्ति ऐसी स्थिति में नहीं है कि अपना नाम-पता बता सके। उसकी पहचान से संबंधित कोई जानकारी तत्काल नहीं मिल पाई है। पुलिस उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों की मानवीय पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। समय रहते व्यक्ति को देख लेना और जोखिम उठाकर उसे सुरक्षित बाहर निकालना उनकी सजगता का परिचायक रहा। बचाव कार्य में ग्राम प्रधान दीनू दास, कोकिल दास, दयाल दास, जनता दास सहित अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई को भी ग्रामीणों ने सराहा।

