न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 सितंबर रांची। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का गुरुवार को रांची के धुर्वा स्थित सीठियो श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। पिता रत्नेश सिंह ने बेटी को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान श्मशान घाट का माहौल बेहद भावुक और गमगीन रहा।तृषा की अंतिम यात्रा रांची स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास से निकली। भारी बारिश के बावजूद अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। परिवार के सदस्यों के साथ झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक, कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और शुभचिंतक भी सीठियो श्मशान घाट पहुंचे। रास्ते में भी लोगों ने तृषा के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की।बेटी को अंतिम विदाई देते समय पिता रत्नेश सिंह और परिवार के अन्य सदस्य भावुक नजर आए। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। लोगों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।तृषा सिंह की मौत गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए सड़क हादसे में हुई थी। हादसे में तृषा समेत चार युवाओं की जान चली गई थी। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें फंसे शवों को गैस कटर की सहायता से बाहर निकाला गया था। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तृषा का पार्थिव शरीर रांची स्थित मंत्री आवास लाया गया, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद भारी बारिश के बीच अंतिम यात्रा सीठियो श्मशान घाट पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हुई।
नम आंखों से तृषा सिंह को अंतिम विदाई, पिता रत्नेश ने दी मुखाग्नि

