राख से लदे डंपरों के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, नियामतपुर न्यू रोड पर प्रदर्शन कर प्रदूषण रोकने की उठी मांग

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 4 अगस्त आसनसोल। राख (फ्लाई ऐश) से लदे भारी वाहनों के आवागमन से बढ़ते प्रदूषण और जनजीवन पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर मंगलवार को नियामतपुर न्यू रोड पर स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राख से भरे डंपरों से लगातार सड़क पर राख गिर रही है, जिससे पूरी सड़क धूल और राख की मोटी परत से ढक जाती है। वाहन गुजरने पर यही राख हवा में उड़कर राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों की आंख, नाक और मुंह में पहुंच रही है। इसके कारण आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, डिसेरगढ़ से नियामतपुर न्यू रोड होते हुए चित्तरंजन रोड तक का लंबा मार्ग इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित है। उनका आरोप है कि नियमित रूप से चलने वाले राख लदे डंपरों के कारण सड़क पर प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम लोगों का आवागमन भी कठिन हो गया है।विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नियामतपुर फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभाग के समक्ष पूरे मामले को उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि राख का परिवहन पूरी तरह ढककर कराया जाए, सड़क की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा पर्यावरण प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों का मानना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *