न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा प्रखंड क्षेत्र के लाधना स्थित सिद्धू-कान्हू फुटबॉल मैदान में डीवीसी सोलर प्रोजेक्ट के विरोध में सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में डीवीसी विस्थापित नेता अकबर अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विस्थापित परिवारों के अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कही।सभा को संबोधित करते हुए अकबर अंसारी ने कहा कि मैथन डैम के निर्माण के दौरान जामताड़ा जिले के बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए थे। उनके अनुसार, 1978 के पैनल से जिन विस्थापितों के नाम हटाए गए हैं, उनकी दोबारा सूची तैयार कर मुआवजा, नौकरी और पुनर्वास का लाभ दिया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि विस्थापितों की जमीन पर डीवीसी पानी का उपयोग कर राजस्व अर्जित कर रहा है और बिजली उत्पादन से भी आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहा है, लेकिन जमीन के मूल मालिक आज तक अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अकबर अंसारी ने आरोप लगाया कि जमीन स्थानीय लोगों की है, जबकि पानी और बिजली का लाभ दूसरे क्षेत्रों को मिल रहा है।अकबर अंसारी ने कहा कि सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर विस्थापितों और मछुआरा समुदाय को दोबारा प्रभावित करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग रखी कि पहले विस्थापितों को मुआवजा, जमीन का अधिकार, नौकरी और पुनर्वास दिया जाए। साथ ही प्रत्येक विस्थापित गांव में सीएसआर के तहत बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर डीवीसी गेट जाम कर आंदोलन किया जाएगा।सभा में रॉबिन मिर्धा, अशोक मरांडी, मुख्तार अंसारी, फुरकान अंसारी, प्रेम पंडित, गोपाल पंडित, सोलन मंडल, उमापाल मिर्धा, हेमंत मुर्मू, सुधीर मरांडी, पिंटू अंसारी, कौशल पंडित, जय सिंह हेमराम, बसर मंडल और अशोक मुर्मू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
डीवीसी सोलर प्रोजेक्ट के खिलाफ विस्थापितों की हुंकार, अकबर अंसारी बोले- पहले मुआवजा, नौकरी और पुनर्वास, फिर बनेगा सोलर प्लांट

