न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अगस्त जामताड़ा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज कल्याण समिति, जामताड़ा की ओर से आयोजित भव्य सांस्कृतिक सह-अधिविद कार्यक्रम में देशभक्ति, कला और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। राजा अजित कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में बच्चों, स्कूली छात्र-छात्राओं और विभिन्न डांस ग्रुपों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम का उद्घाटन समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित और रिबन काटकर किया। इसके बाद देशभक्ति गीतों पर आधारित एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। नित्यांचल डांस एकेडमी, सेंट एंथोनी स्कूल, नृत्य झंकार डांस अकादमी, सेंट्रल स्कूल जामताड़ा, विक्टर किंगडम डांस एकेडमी और दुलाडीह अनुसूचित जाति-जनजाति विद्यालय के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंजता रहा।समारोह में 13 अगस्त को आयोजित प्रश्नमंच, चित्रकला तथा देशभक्ति आधारित नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। राज्य स्तरीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जामताड़ा के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच देने की है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद डी.डी. भंडारी ने किया। निर्णायक की भूमिका चिन्मय चक्रवर्ती, टुम्पा तिवारी, नमिता कुंडू, राजेश मंडल और राजकिशोर मंडल ने निभाई। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, विद्यार्थी, वार्ड पार्षद और समिति सदस्य मौजूद रहे।
देशभक्ति के रंग में रंगा जामताड़ा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा पूरा परिसर

