मां घाघर बूढ़ी मंदिर में पूजा से पहले थम गई चालक की सांसें, टूरिस्ट बस ड्राइवर की अचानक मौत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 सितंबर आसनसोल। आसनसोल के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित प्रसिद्ध मां घाघर बूढ़ी मंदिर परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों को लेकर पहुंचे एक टूरिस्ट बस के चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के सिवान जिले के निवासी विश्वेश्वर पंडित (53) के रूप में हुई है।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कोलकाता से यात्रियों को लेकर एक टूरिस्ट बस मां घाघर बूढ़ी मंदिर पहुंची थी। बस को मंदिर परिसर में खड़ा करने के कुछ ही समय बाद चालक विश्वेश्वर पंडित को अचानक बेचैनी महसूस हुई। देखते ही देखते उनकी तबीयत गंभीर हो गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।चालक की हालत बिगड़ते ही बस में सवार यात्रियों और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच चिंता का माहौल बन गया। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।जानकारी मिलने के बाद आसनसोल साउथ थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की सहायता से चालक को तत्काल आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में सुरक्षित रखा गया।पुलिस के अनुसार, उसी दिन दोपहर आसनसोल जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। यात्रियों को लेकर पहुंचे चालक की अचानक मौत से मंदिर परिसर में कुछ समय तक शोक और चिंता का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *