JSOU में दाखिले की तारीख बढ़ी, 9 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन; कई स्नातक-पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स उपलब्ध

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 अक्टूबर मिहिजाम। झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी के मिहिजाम स्थित अध्ययन केंद्र ब्रिलिएंट अकैडमी में जुलाई सत्र 2026 के लिए नामांकन का एक और अवसर विद्यार्थियों को दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 9 अक्टूबर 2026 कर दिया गया है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 29 सितंबर निर्धारित थी। इच्छुक विद्यार्थी अब निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर नामांकन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।ब्रिलिएंट अकैडमी, मिहिजाम के अध्ययन केंद्र समन्वयक प्रोफेसर डॉ. कृष्ण कुमार द्विवेदी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए नामांकन की समयसीमा बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा जारी रखने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।अध्ययन केंद्र पर विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट एवं पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। स्नातक स्तर पर बीबीए, बीसीए, बीएससी आईटी, बीए और बीकॉम, जबकि स्नातकोत्तर स्तर पर एमकॉम, एमसीए और एमएससी आईटी जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।डॉ. द्विवेदी के अनुसार नामांकन के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। वहीं एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में छात्रवृत्ति की सुविधा भी उपलब्ध है।उन्होंने बताया कि आवेदन पत्रों के सत्यापन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी जामताड़ा रोड, पालबगान, मिहिजाम स्थित ब्रिलिएंट अकैडमी के अध्ययन केंद्र कार्यालय से भी संपर्क कर नामांकन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डॉ. द्विवेदी ने विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *