न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 26 सितंबर जामताड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को कुंडहित प्रखंड के अंबा पंचायत सभागार में आयोजित शिविर का संताल परगना प्रमंडल, दुमका के प्रमंडलीय आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी परेशानियों की जानकारी ली।आयुक्त ने दस्तावेजों की जांच, सत्यापन, आवेदन जमा करने तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि एसआईआर के दौरान किसी भी पात्र मतदाता को परेशानी न हो और योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए।आयुक्त ने कहा कि एसआईआर का प्रमुख उद्देश्य मतदाता सूची को सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक मतदाता सूची से बाहर न हो और अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो, इसके लिए दस्तावेजों की जांच पूरी सावधानी के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और आगामी चुनावों की निष्पक्षता से भी जोड़कर देखा।निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि शिविर में आने वाले अधिकांश मतदाता जरूरी कागजात के साथ पहुंच रहे हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि दस्तावेजों से संबंधित किसी समस्या के समाधान के लिए लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाए। जरूरतमंद लोगों को दस्तावेज तैयार कराने से लेकर सत्यापन तक हरसंभव सहायता देने पर भी जोर दिया।आयुक्त ने एसआईआर की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से संचालित करने को कहा, ताकि मतदाताओं का निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।इससे पहले प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों ने आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मौके पर जिले के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा सहित निर्वाचन कार्य में जुटे अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एसआईआर शिविर का आयुक्त ने किया निरीक्षण, बोले- कोई भी पात्र मतदाता सूची से न रहे वंचित

