न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 26 सितंबर जामताड़ा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जिले के ग्रामीण इलाकों में गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अलग-अलग स्थानों पर बारिश के कारण कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने से परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।नाला क्षेत्र के बेनागड़िया गांव में शुक्रवार शाम राजेश मंडल का मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। जिस समय मकान गिरा, उस दौरान परिवार के सदस्य और बच्चे घर के अंदर मौजूद थे। हालांकि सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। मकान ढहने के बाद परिवार को फिलहाल दूसरे के घर में शरण लेकर रहना पड़ रहा है।घटना के बाद ग्रामीणों ने गरीब परिवारों के लिए संचालित अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर कच्चे मकानों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। उन्होंने पंचायत और प्रखंड प्रशासन से राजेश मंडल के परिवार की स्थिति की जांच कर तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।इधर, चंद्रदीपा पंचायत के टोला पहाड़गोड़ा में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिला। यहां महादेव हांसदा का मकान बारिश के कारण धंस गया। इससे घर को काफी क्षति पहुंची है और परिवार के समक्ष सुरक्षित आवास की समस्या उत्पन्न हो गई है।महादेव हांसदा ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का स्थल निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और सरकारी प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी बारिश से प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत देने की अपील की है।
बारिश का कहर: कहीं घर ढहा, कहीं मकान धंसा, बेघर हुए परिवारों ने मांगी सरकारी मदद

