JSSC-CGL गड़बड़ी मामले में सीआईडी का शिकंजा, तीन अभ्यर्थी गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 26 सितंबर रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के क्रम में सीआईडी ने तीन अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह कार्रवाई सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत की गई है।सीआईडी की ओर से 25 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय कुमार, पिता सीताराम प्रसाद, निवासी खास, नंदूडीह, थाना सतगावां, जिला कोडरमा, संजय कुमार, पिता मनोज साव, निवासी पिहरा, थाना गांवा, जिला गिरिडीह तथा रामाकृष्णा कुमार सिंह, पिता अजय कुमार सिंह, निवासी कटरियाटाड़, थाना धनवार, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है।जांच एजेंसी के मुताबिक तीनों अभ्यर्थियों पर JSSC-CGL परीक्षा में कथित तौर पर अनुचित लाभ प्राप्त करने का आरोप है। मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सीआईडी ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।JSSC-CGL परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान सीआईडी पहले भी कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। इसी क्रम में 24 सितंबर को बिहार के छपरा से कथित एजेंट मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी।सीआईडी अब परीक्षा में कथित अनुचित लाभ पहुंचाने, अभ्यर्थियों को लाभ दिलाने और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *