रांची से गायब चार वर्षीय बच्चा साहिबगंज में मिला, पांच संदिग्ध हिरासत में

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 सितंबर तीनपहाड़/साहिबगंज। रांची रेलवे स्टेशन से लापता हुए चार वर्षीय बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात पुलिस की संयुक्त टीम ने बाबूपाड़ा इलाके में छापेमारी कर बच्चे को खोज निकाला। मामले में पांच संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। बाद में रांची पुलिस सभी को अपने साथ रांची ले गई।चुटिया थाना रांची की इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के अनुसार, छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर निवासी राजकुमार रजवाड़ी ने अपने चार वर्षीय बच्चे के रांची रेलवे स्टेशन से गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में चुटिया थाना में कांड संख्या 138/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में बच्चे को कुछ लोगों के साथ ले जाते हुए गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों को ट्रैक किया। जांच में साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र से जुड़े संकेत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।रांची पुलिस की सूचना पर साहिबगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश में तीनपहाड़, तालझारी, बरहरवा और राजमहल थाना की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। बाबूपाड़ा में की गई कार्रवाई के दौरान बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। मौके से पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया।बाद में चुटिया थाना की इंस्पेक्टर पूनम कुजूर, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार खाद और गडहा प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ तीनपहाड़ थाना पहुंचे। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद बच्चे और हिरासत में लिए गए पांचों संदिग्धों को रांची ले जाया गया।तीनपहाड़ थाना के एसआई महेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चे को बरामद करने के साथ मामले में पकड़े गए सभी संदिग्धों को आवश्यक प्रक्रिया के बाद रांची पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *