व्हाट्सऐप पर फर्जी RTO ई-चालान APK भेजकर साइबर ठगी का खेल, जामताड़ा में दो गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 सितंबर जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई में दो कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुंदरजोरी गांव में छापेमारी कर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने सुंदरजोरी निवासी सोनु कुमार मंडल के घर पर कार्रवाई की, जहां से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोतम कुमार मंडल (21 वर्ष), पिता बलराम मंडल और सोनु कुमार मंडल (19 वर्ष), पिता रंजीत मंडल, दोनों निवासी सुंदरजोरी, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है।पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी लोगों के व्हाट्सऐप नंबर पर RTO ई-चालान के नाम पर APK फाइल इंस्टॉल करने का संदेश भेजते थे। इसके बाद संबंधित फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी हासिल करने और ई-वॉलेट के माध्यम से साइबर ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का कथित अपराध क्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 60/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक पुष्पेश्वर दास, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता सहित रिजर्व गार्ड के आरक्षी और हवलदार शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *