लोहारंगी में हाईवा ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो नाबालिग गंभीर; धनबाद रेफर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 सितंबर जामताड़ा। गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोहारंगी गांव के समीप सोमवार को सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो नाबालिग युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव निवासी समसेद अंसारी (15) और बिराजपुर निवासी जाहिद अंसारी (17) मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान लोहारंगी के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उठाकर नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को गंभीर बताया और बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए धनबाद रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिवार के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों में चिंता एवं आक्रोश का माहौल देखा गया।ग्रामीणों का कहना है कि गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की तेज आवाजाही के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल हाईवा और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *