न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 सितंबर चित्तरंजन। रेलनगरी चित्तरंजन स्थित चित्तरंजन देशबंधु बालिका उच्च विद्यालय में चिरेका महिला कल्याण संगठन की ओर से स्कूली बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। संगठन की उपाध्यक्षा विद्या वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कुल 170 छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के विद्यार्थियों को विभिन्न समूहों में शामिल किया गया। प्रतिभागियों ने निर्धारित विषयों पर चित्र बनाकर अपनी कलात्मक क्षमता, कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसके अलावा उन्हें शैक्षणिक सामग्री के पैकेट भी प्रदान किए गए। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकारी और ड्रॉइंग की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे समारोह में मौजूद अतिथियों और दर्शकों ने देखा। उपस्थित लोगों ने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की।प्रतियोगिता के समापन के बाद पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशी नजर आई।समारोह में चिरेका महिला कल्याण संगठन की सचिव अनुपमा सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष सचिका अग्रवाल, संयुक्त सचिव शिखा सिंह, संगठन की अन्य सदस्याएं, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में दर्शक शामिल हुए।आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। महिला कल्याण संगठन की इस पहल को बच्चों के कलात्मक विकास और प्रोत्साहन से जोड़कर देखा गया।
चित्तरंजन में 170 बच्चों ने दिखाई चित्रकारी की प्रतिभा, विजेताओं को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार से किया सम्मानित

