ड्यूटी के दौरान CRPF जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 सितंबर रांची। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित तिरिल सीआरपीएफ मुख्यालय में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली चला ली। गोली लगने से जवान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत हैदरनगर थाना क्षेत्र के इमलियाटीकर गांव निवासी भुनेश्वर पाल, पिता रामलखन पाल, के रूप में हुई है।बताया गया कि भुनेश्वर पाल तिरिल स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में तैनात थे। रविवार को ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपनी आवंटित एके-47 राइफल से गोली चला दी। गोली गर्दन में लगने के कारण गंभीर रक्तस्राव हुआ और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।गोली चलने की आवाज सुनते ही सीआरपीएफ परिसर में मौजूद जवानों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने तत्काल घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके साथ ही स्थानीय विधानसभा थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।जांच के दौरान घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।घटना की सूचना जवान के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के बयान और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।सीआरपीएफ आईजी साकेत सिंह ने जवान की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जवान की मौत गोली लगने से हुई है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *