चित्तरंजन स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, सूटकेस में छिपाकर बिहार ले जा रहा था 24 बोतल विदेशी शराब

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 अक्टूबर चित्तरंजन। ट्रेन के जरिए अवैध रूप से विदेशी शराब बिहार ले जाने की कथित कोशिश को आरपीएफ ने नाकाम कर दिया। चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर कार्रवाई करते हुए आरपीएफ जवानों ने एक युवक को शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास मौजूद पुराने सूटकेस से अलग-अलग ब्रांड की कुल 24 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई।गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मिहिजाम थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर निवासी पिंटू कुमार के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे जवानों की नजर आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। युवक एक पुराने सूटकेस के साथ स्टेशन पर मौजूद था। संदेह होने पर जवानों ने उसे रोककर सूटकेस की जांच की।तलाशी के दौरान सूटकेस के भीतर शराब की बोतलें मिलीं। जांच में बकार्डी 750 एमएल की 12 बोतल तथा ब्लेंडर्स 750 एमएल की 12 बोतल बरामद हुईं। इस तरह कुल 18 लीटर शराब जब्त की गई। बरामदगी के बाद आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में लेकर शराब को जब्त कर लिया।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रेन के माध्यम से शराब बिहार ले जाने की कथित तैयारी में था। पुलिस के अनुसार, वहां शराब को अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। हालांकि, शराब की तस्करी के संबंध में आरोपी की मंशा और पूरे नेटवर्क की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।कार्रवाई पूरी करने के बाद आरपीएफ ने गिरफ्तार आरोपी और बरामद शराब को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जामताड़ा उत्पाद विभाग को सौंप दिया। उत्पाद विभाग ने मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।रेलवे मार्ग से शराब की अवैध ढुलाई पर आरपीएफ की इस कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *