न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 अक्टूबर जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में करमाटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी अलग-अलग राज्यों में रहने वाले लोगों को फोन कर साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।पुलिस के अनुसार, एसपी शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रिगोचिगों गांव में सुनील कुमार मंडल के घर पर छापेमारी कर उसे पकड़ा। इसके बाद अमडीहा गांव के पूरब डंगाल स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में कार्रवाई की गई, जहां से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 61/26 और 62/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।जांच में सामने आया है कि आरोपी गैस कनेक्शन अथवा उपभोक्ता विवरण अपडेट करने के नाम पर लोगों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करवाकर संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती थी। इसके बाद ई-वॉलेट के जरिए रकम ठगने का आरोप है। बैंक अधिकारी बनकर एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी हासिल करने की भी कोशिश की जाती थी।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार मंडल (24), मो. अयुतालिब अंसारी (41), बहारुद्दीन अंसारी (23) और समीम अंसारी (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल पर ओटीपी, सीवीवी, एटीएम संबंधी जानकारी साझा न करें और किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड न करें।
करमाटांड़ में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार

