न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 जुलाई 2026 जामताड़ा। वर्षों से अधूरे पड़े बीरबेंदिया फोरलेन पुल निर्माण कार्य ने अब गति पकड़ ली है। रविवार को वीरगांव स्थित निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने विकास कार्यों को लेकर उत्साह जताया और पुल निर्माण को जिले के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने मंत्री को निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर मंत्री ने गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि जामताड़ा की जीवनरेखा साबित होगा।सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि वर्ष 2008 में पुराने पुल के ध्वस्त होने के बाद यह मामला लंबे समय तक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में उलझा रहा, जिससे लोगों की उम्मीदें कमजोर पड़ गई थीं। विधायक बनने के बाद उन्होंने नए पुल के निर्माण का संकल्प लिया और सरकार के समक्ष नया प्रस्ताव रखकर परियोजना को आगे बढ़ाया।उन्होंने वर्ष 2022 के नाव हादसे का भी उल्लेख किया, जिसमें 14 लोगों की जान चली गई थी। मंत्री ने कहा कि उस दुखद घटना ने उन्हें इस पुल के निर्माण के लिए और अधिक दृढ़ बना दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सहयोग से यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब धरातल पर उतर रही है।मंत्री के अनुसार पुल बनने के बाद जामताड़ा का संपर्क निरसा, धनबाद और रांची से अधिक सुगम होगा। इससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी। उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।अपने संबोधन में उन्होंने वीरगांव-मेंझिया क्षेत्र में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। साथ ही रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम के अंत में लोगों ने उम्मीद जताई कि पुल और मेडिकल कॉलेज जैसी परियोजनाएं जामताड़ा के विकास को नई पहचान देंगी और क्षेत्र की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगी।
18 साल का इंतजार खत्म: बीरबेंदिया फोरलेन पुल से बदलेगी जामताड़ा की तस्वीर, निरीक्षण में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
