डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर राष्ट्रसेवा का संकल्प, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया नमन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 जुलाई 2026 जामताड़ा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती सोमवार को जामताड़ा के गांधी मैदान के समीप श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेन्द्र मंडल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना संपूर्ण जीवन भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि 6 जुलाई 1901 को कोलकाता में जन्मे डॉ. मुखर्जी ने देश को एक मजबूत और संगठित राष्ट्र बनाने का सपना देखा था। उनका प्रसिद्ध उद्घोष “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” केवल एक नारा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता का संकल्प था।वीरेन्द्र मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया गया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उनके अनुसार, विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण का मार्ग राष्ट्रप्रेम, सेवा और समर्पण की भावना से होकर गुजरता है।इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करने तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन आज भी समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।कार्यक्रम में पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष गौउर बाउरी, पूर्व वार्ड पार्षद नीलेश कुमार, पूर्व भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष रंजीत राणा, मुकेश यादव, गुंजन दुबे, नागेश्वर मंडल, भुवन महतो, पिंटू सरखेल, मनोज राणा, मनोज रजक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *