न्यूज 61 लाइव संवाददाता अभिजीत चौधरी 11 जुलाई 2026 कुंडहित (जामताड़ा)। आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कुंडहित थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ किशोर तिर्की और प्रखंड प्रमुख रामकिशोर मुर्मू ने संयुक्त रूप से की। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों तथा दोनों समुदायों के लोगों ने भाग लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष कुंडहित मुख्यालय में दो स्थानों के अलावा बनकाटी, बाबुपुर, नगरी, तुलसीचक और पहली बार खजुरी में भी रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर सुरक्षा, यातायात, बिजली और मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।एसडीपीओ किशोर तिर्की ने कहा कि रथयात्रा आपसी भाईचारे, धार्मिक सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाई जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार को असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल और चौकीदारों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरी मंडल ने बताया कि मेले के दौरान मुख्य सड़क पर भीड़ अधिक रहने के कारण भारी और अन्य वाहनों की आवाजाही बायपास मार्ग से कराई जाएगी। रथयात्रा के दिन दोपहर 3 बजे से मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। साथ ही शराब की दुकानें बंद रखने, मेले में शराबियों और उपद्रवियों पर सख्त निगरानी रखने तथा स्वयंसेवकों की तैनाती का भी निर्णय लिया गया।बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, मेले में मोटरसाइकिल और साइकिल की पार्किंग पर रोक तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठी। प्रशासन ने इन सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।बैठक में जिला परिषद सदस्य रीना मंडल, अंचल निरीक्षक संदीक कुमार, कुंदन गोस्वामी, उत्तम पाल, जयदेव मंडल, रफीक हुसैन, रवि बाध्यकर, आनंद दास, टिंकु, काल लोहार, दामुदर फौजदार सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रथयात्रा और मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने का संकल्प लिया।
कुंडहित में रथयात्रा की तैयारियां तेज, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, यातायात और मेले की व्यवस्था पर बनी रणनीति
