चितालडांगा के 50 साल पुराने खेल मैदान पर संकट: रातोंरात जेसीबी से खुदाई, कब्जे की आशंका पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 6 अगस्त सालानपुर। पश्चिम बंगाल के सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर फांड़ी क्षेत्र के धांगुरी मौजा स्थित चितालडांगा के ऐतिहासिक खेल मैदान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। करीब 50 वर्षों से स्थानीय बच्चों और युवाओं के खेलकूद का केंद्र रहे इस मैदान में बुधवार देर रात जेसीबी मशीन से खुदाई किए जाने का आरोप लगने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुरुवार सुबह मैदान की बदली हुई स्थिति देखकर ग्रामीणों और खिलाड़ियों में भारी नाराजगी फैल गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, धांगुरी मौजा के दाग संख्या 1558 पर स्थित यह मैदान वर्षों से फुटबॉल और क्रिकेट गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। मैदान में बच्चों के अभ्यास के लिए क्रिकेट पिच भी बनाई गई थी और प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे व युवा यहां खेल का अभ्यास करते थे। लेकिन रात के अंधेरे में कुछ लोगों द्वारा जेसीबी मशीन लाकर मैदान को खोद दिए जाने से इसकी उपयोगिता लगभग समाप्त हो गई।ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जमीन कारोबार से जुड़े कुछ लोग इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहले सस्ती दरों पर जमीन खरीदकर बाद में उसकी प्लॉटिंग कर ऊंचे दामों पर बेचने का काम किया जाता है और अब इसी उद्देश्य से खेल मैदान को भी निशाना बनाया गया है। हालांकि दूसरी ओर जमीन पर दावा करने वाले लोगों का कहना है कि यह उनके पूर्वजों की रैयती संपत्ति है और उनके पास स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज मौजूद हैं।मामले की सूचना मिलने पर रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अभिलेखों की जांच और जमीन की नाप-जोख पूरी होने तक संबंधित भूखंड पर किसी भी प्रकार का निर्माण या अन्य गतिविधि नहीं होने दी जाएगी। अब पूरे मामले पर प्रशासन की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, क्योंकि स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि उनका वर्षों पुराना खेल मैदान सुरक्षित रह पाएगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *