न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 अक्टूबर मिहिजाम। कोड़ापाड़ा स्थित ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार की ओर से दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई।जयंती समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन, विचारों तथा देश के प्रति उनके योगदान को प्रस्तुत किया। बच्चों ने भाषण, कविता पाठ, देशभक्ति गीत, चित्रकारी और निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति और प्रेरणादायी विचारों का माहौल बना रहा।इस अवसर पर बदलाव शिक्षण संस्थान की सचिव आशा राठौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने बच्चों से गांधीजी के आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारने, स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य राम निवास सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि सच्चाई, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से बड़े बदलाव संभव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से महापुरुषों के विचारों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखने, बल्कि दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं रीता दास, मंदाकिनी कुमारी, मृतिका बाग्दी, शतीश कुमार शर्मा, सुरभि दुबे, सुनीता प्रसाद, सम्राट मंडल, हैरियट मेरी, संगीता पाल, ट्विंकल जान, स्मृति वर्मा, ज्योति सिंह और सुरंजन दास सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य और स्वच्छता का संदेश

