75वीं वर्षगांठ पर भव्य होगा सुंदर पहाड़ी नॉर्थ एरिया-2 का दुर्गोत्सव, ‘देवों के देव महादेव’ थीम बनेगा आकर्षण

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 अक्टूबर चित्तरंजन। सुंदर पहाड़ी नॉर्थ एरिया-2 स्थित श्री श्री दुर्गा, लक्ष्मी एवं काली पूजा कमेटी इस वर्ष अपने दुर्गोत्सव की 75वीं वर्षगांठ को प्लैटिनम जुबली सेलिब्रेशन के रूप में भव्य अंदाज में मनाने की तैयारी में जुटी है। पूजा को यादगार बनाने के लिए आकर्षक पंडाल, भव्य प्रतिमा, रंगीन रोशनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेले की विशेष व्यवस्था की जा रही है।इस बार पंडाल की थीम ‘देवों के देव महादेव’ रखी गई है। पंडाल के शिखर पर भगवान शिव की भव्य आकृति विराजमान होगी। करीब 5 लाख रुपये की लागत से पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। माही इंटीरियर इवेंट प्लानर के शौरभ शर्मा के निर्देशन में मेदिनीपुर के कारीगर पिछले करीब 45 दिनों से निर्माण कार्य में जुटे हैं। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए रबर मैट, प्लास्टिक चम्मच और सिल्वर शीट जैसी सामग्रियों का प्रयोग किया जा रहा है।पूजा का कुल बजट करीब 11 लाख रुपये है, जबकि प्रतिमा निर्माण पर लगभग एक लाख रुपये खर्च होंगे। इस वर्ष करीब 18 फीट ऊंची प्रतिमा और जुड़वा महिषासुर विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। लाइट एवं साउंड पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।प्लैटिनम जुबली के अवसर पर प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 10 अक्टूबर को महालया पर सीट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता, 15 अक्टूबर को महापंचमी पर उद्घाटन व महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका, 16 अक्टूबर को एजी म्यूजिकल डांस ग्रुप, 17 अक्टूबर को माता का जागरण, 18 अक्टूबर को बाउल गान व लोकगीत, 19 अक्टूबर को ट्रैक म्यूजिक, 20 अक्टूबर को डांडिया नाइट तथा 21 अक्टूबर को देवी वरण, सिंदूर खेला और प्रतिमा विसर्जन होगा।आयोजकों के अनुसार यहां चित्तरंजन का दूसरा सबसे बड़ा मेला आयोजित होगा। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पूजा संपन्न कराने की जिम्मेदारी सुंदर पहाड़ी नॉर्थ काली मंदिर के पुरोहित मानस चट्टोपाध्याय निभाएंगे।चीफ पैट्रन एसके वर्मा, पैट्रन डॉ. अजय कुमार व मुकेश ओझा, सचिव आलोक कुमार सिंह, अध्यक्ष संजीव कुमार सुमन, कोषाध्यक्ष प्रयाग प्रसाद यादव, सहकोषाध्यक्ष सतीश सिंह, समीर मंडल, केशव पासवान, मनीष शर्मा, मनीष कुमार, नारद यादव, सोमेन लाल दे, मनीष कनक, अमित कुमार, अनुज ठाकुर, वरुण कुमार सहित कमेटी के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *