मिहिजाम के आकाश ने राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में लहराया परचम, विद्यालय लौटने पर हुआ भव्य स्वागत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 अक्टूबर जामताड़ा। खेलो झारखंड स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के राज्य स्तरीय मुकाबले में जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र के युवा खिलाड़ी आकाश मुर्मू ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और विद्यालय का मान बढ़ाया है। रांची में आयोजित अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सहारडाल के कक्षा नौवीं के छात्र आकाश ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा की छाप छोड़ी।राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के बाद आकाश के विद्यालय लौटने पर शिक्षकों और सहपाठियों ने उत्साह के साथ उसका स्वागत किया। छात्र की उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ मिहिजाम और आसपास के क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। शिक्षकों ने आकाश को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।आकाश की इस सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षक अभिजीत मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में आकाश ने नियमित अभ्यास और अनुशासित तैयारी के जरिए अपनी क्षमता को निखारा। राज्य स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचना छात्र की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार मेहता एवं अन्य शिक्षकों ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा विकसित करता है। राज्य स्तरीय मंच पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करना भी किसी छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।आकाश की सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी उत्साह बढ़ा है। शिक्षकों को उम्मीद है कि उसकी उपलब्धि से प्रेरणा लेकर दूसरे छात्र-छात्राएं भी खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएंगे और आने वाले समय में विद्यालय तथा जामताड़ा जिले का नाम और ऊंचा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *