न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 29 सितंबर सालानपुर। सालानपुर के देंदुआ में सोमवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के नए ट्रेड यूनियन कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर कार्यकर्ता सभा का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रमिकों की समस्याओं, अधिकारों और संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नए कार्यालय के खुलने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।कार्यक्रम के दौरान बीएमएस नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल सदस्य संख्या से तय नहीं होती, बल्कि श्रमिकों के साथ निरंतर संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने से होती है। देंदुआ में शुरू किया गया यह कार्यालय इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।नेताओं ने कहा कि कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र के मजदूर अपनी समस्याओं और मांगों को संगठन के समक्ष आसानी से रख सकेंगे। इसके साथ ही श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष उठाने में भी संगठन को सुविधा होगी। कार्यकर्ता सभा में भविष्य की सांगठनिक गतिविधियों और श्रमिकों के बीच संपर्क अभियान को और व्यापक बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।उद्घाटन कार्यक्रम में बीएमएस के अखिल भारतीय कार्यकारी अध्यक्ष जय नाथ चौबे, आसनसोल जिलाध्यक्ष विजय कुमार, आरएसएस के सालानपुर खंड कार्यवाहक श्याम मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष गोविंद माझी, कन्वेनर प्रशांत विश्वास, चंदन नुनिया, रथींद्रनाथ डे, चित्तरंजन कर्मचारी संघ के कोषाध्यक्ष पप्पू शर्मा, भाजपा मंडल-4 अध्यक्ष चिन्मय तिवारी, कन्वेनर गोपाल राय, बबन मंडल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में संगठन ने श्रमिकों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प दोहराया।
देंदुआ में बीएमएस के नए कार्यालय का शुभारंभ, मजदूर हितों को लेकर संगठन ने मजबूत की पकड़

