एसआईआर पर लोधीरिया में बवाल, बीएलओ पर पैसे मांगने और धमकाने के आरोप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर अंचल स्थित लोधीरिया गांव के बूथ संख्या 115 पर मंगलवार को एसआईआर कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर शिकायतें सामने रखीं। बूथ की समीक्षा के लिए पहुंचे भाजपा बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा के समक्ष ग्रामीणों ने बीएलओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाए।ग्रामीणों का कहना था कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पैसे मांगे जाने की शिकायत सामने आ रही है। इसके अलावा आधार कार्ड के साथ जाति और आवासीय प्रमाण पत्र की मांग कर पात्र लोगों को परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया गया। ग्रामीणों ने दावा किया कि दस्तावेजों को लेकर उत्पन्न परेशानियों के कारण कई योग्य मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने से वंचित हो सकते हैं। कुछ ग्रामीणों ने बीएलओ और उनके पुत्र पर धमकी देने का आरोप भी लगाया।भाजपा बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया निशुल्क है। किसी भी मतदाता को बीएलओ को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि पैसे की मांग या धमकी देने जैसी शिकायत सही पाई जाती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।मिश्रा ने निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त से बूथ संख्या 115 की शिकायतों की जांच कराने की मांग की। साथ ही जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी 383 बूथों पर एसआईआर कार्य की समीक्षा कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने 19 सितंबर को आयोजित प्रशासनिक कैंप में भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी थीं।मौके पर पूर्व मुखिया चेतन मरांडी, भाजपा बीएलए-2 सह पबिया मंडल उपाध्यक्ष शंभूनाथ हेंब्रम, मांझी हाड़ाम खुदीराम मरांडी, प्राणिक सूर्य चंद्र मरांडी, गोडेत संतु मरांडी, प्रगना शंभूनाथ हेंब्रम, नरेश बेसरा, लखीराम हांसदा, सुधीर मरांडी, हीरालाल हांसदा और धनेश्वर मरांडी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *