असनचुआ में माइनिंग विभाग का बड़ा एक्शन: अवैध बालू ढुलाई करते दो ट्रैक्टर जब्त

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 मई 2026 जामताड़ा। जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। मिहिजाम थाना क्षेत्र के असनचुआ इलाके में माइनिंग विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाकर बिना वैध दस्तावेज बालू की ढुलाई कर रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। जिसमें से एक का रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 21 एल 5308 एवं दूसरा बिना नंबर प्लेट के ही अवैध रूप से बालू की ढुलाई कर रहा था। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि असनचुआ और आसपास के क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर लगातार बालू का अवैध उठाव और परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही माइनिंग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसने इलाके में अचानक छापेमारी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान टीम ने संदिग्ध रूप से बालू लदे दो ट्रैक्टरों को रोककर उनकी जांच की।अधिकारियों ने जब ट्रैक्टर चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित कागजात और चालान की मांग की, तो वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कागजात नहीं मिलने पर माइनिंग विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। इसके बाद वाहनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए मिहिजाम थाना के सुपुर्द कर दिया गया।प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जिले में अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। खासकर नदी घाटों और संवेदनशील इलाकों में नियमित जांच अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि बिना अनुमति खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।इस कार्रवाई के बाद बालू कारोबार से जुड़े कई लोगों में बेचैनी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इलाके में रात के अंधेरे में अवैध बालू ढुलाई की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन अब प्रशासन की सक्रियता से ऐसे कारोबारियों पर दबाव बढ़ेगा।माइनिंग विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने और पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में भी जिलेभर में अभियान जारी रहेगा और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *