नीट पेपर लीक और महंगाई पर जामताड़ा में उबाल, झामुमो छात्र मोर्चा ने फूंका शिक्षा मंत्री का पुतला

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा शहर के इंदिरा चौक पर शनिवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी के नेतृत्व में झारखंड छात्र मोर्चा ने नीट परीक्षा पेपर लीक और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक की घटना ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों की उम्मीदों को झटका दिया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं और केंद्र सरकार इस गंभीर मामले में जवाबदेही तय करने में विफल रही है। छात्र मोर्चा के नेताओं ने मांग की कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा पेपर लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।कार्यक्रम के दौरान झामुमो जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम जनता महंगाई की मार से परेशान है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है, जबकि युवाओं और छात्रों का भविष्य असुरक्षित होता जा रहा है।वहीं झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू और जिला सचिव परेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि झामुमो सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और पूरे झारखंड में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।प्रदर्शन में आनंद टुडू, सगीर खान, देविशन हांसदा, लालू अंसारी, किशोर रवानी, विजय राउत, रहीम अंसारी, आजाद शेख, मेरी मरांडी, माखोनी हेंब्रम, आलम अंसारी, पांचू दास, छात्र नेता बबला हांसदा, महावीर दास और माना ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। आंदोलन के दौरान इंदिरा चौक पर कुछ समय के लिए माहौल पूरी तरह राजनीतिक नारों और विरोध प्रदर्शनों से गूंजता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *