न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 जून 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले में सोमवार की रात सड़क दुर्घटनाओं के नाम रही। कुछ ही घंटों के अंतराल में थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में हुए तीन गंभीर सड़क हादसों में तीन युवक बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।पहली दुर्घटना मोहड़ा के समीप हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोकुल गांव निवासी शेख हरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।इसी क्षेत्र में कुछ समय बाद एक और हादसा हुआ। बताया जाता है कि एक टेंपो ने मोटरसाइकिल सवार बुधन महतो को अपनी चपेट में ले लिया। बुधन महतो नाला क्षेत्र से अपने ससुराल मदनाडीह जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल को तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रयास शुरू किया गया।दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर समाजसेवी सोनू सिंह घटनास्थल पहुंचे और बिना समय गंवाए अपने निजी वाहन से घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान एंबुलेंस में पर्याप्त ऑक्सीजन सुविधा नहीं होने की बात सामने आई, जिसके बाद अलग से व्यवस्था कर दोनों को धनबाद रेफर किया गया।उधर, तीसरी दुर्घटना फुलजोरी गांव के समीप हुई, जहां एक अज्ञात ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार मोहन किस्कू को टक्कर मार दी। गोलपहाड़ी गांव निवासी मोहन किस्कू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं और आपातकालीन सेवाओं की सुस्त व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। हाल ही में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण चर्चा में आए मोनू टुडू प्रकरण के बाद भी स्वास्थ्य एवं आपदा प्रतिक्रिया तंत्र पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और 108 एंबुलेंस सेवा को अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है।
एक ही रात में तीन बड़े सड़क हादसे, जामताड़ा में घायल हुए तीन युवक; एंबुलेंस व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
