न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 जुलाई जामताड़ा। बागडेहरी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस की सक्रियता से आरोपी कानून के शिकंजे में आ गया।थाना प्रभारी किशन कुमार से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में बागडेहरी थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत 24 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 96 एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राज बाउरी, पिता मंटू बाउरी, निवासी शंकरपुर, थाना राजनगर, जिला बीरभूम (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया।प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बागडेहरी थाना की टीम तत्काल हरकत में आई और तकनीकी एवं स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई और शनिवार, 25 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि क्या इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या आरोपी ने अकेले वारदात को अंजाम दिया। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाना विभाग की प्राथमिकता है।
नाबालिग को बहला कर ले जाने का आरोप: बागडेहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे
