न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 17 जून 2026 जामताड़ा। भारतीय रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हटिया से हाथीदह की यात्रा कर रहे एक यात्री का बैग चलती ट्रेन से चोरी हो जाने की घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर कर दिया है। मामला बुधवार सुबह ट्रेन संख्या 18622 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का है, जहां एक यात्री का सामान कुल्टी स्टेशन से गाड़ी खुलने के बाद चितरंजन स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान चोरी हो गया।पीड़ित यात्री दीपक कुमार पासवान, जो बेगूसराय जिले के खुदावंदपुर थाना क्षेत्र स्थित मालपुरा गांव के निवासी हैं, उन्होंने बताया कि उनका आरक्षण एस-3 कोच की 40 नंबर अपर बर्थ पर था। यात्रा के दौरान सुबह चितरंजन स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले वह कुछ देर के लिए शौचालय गए थे। इसी बीच ट्रेन स्टेशन पर रुकी और एक अज्ञात युवक उनके बर्थ से बैग उठाकर फरार हो गया।जब दीपक वापस अपनी सीट पर लौटे तो उनका बैग गायब था। उन्होंने तत्काल कोच और आसपास के डिब्बों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सहयात्रियों के अनुसार एक दुबला-पतला युवक बर्थ पर चढ़ा, बैग उतारा और ट्रेन रुकते ही स्टेशन पर उतरकर तेजी से निकल गया। यात्रियों का कहना है कि उस समय ट्रेन में कोई सुरक्षा कर्मी नजर नहीं आया।चोरी हुए बैग में पैन कार्ड, वोटर आईडी, एटीएम कार्ड, ब्लूटूथ डिवाइस, कपड़े तथा नकद राशि मौजूद थी। घटना के बाद दीपक ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, उन्हें तत्काल कार्रवाई के बजाय गंतव्य स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। बाद में उन्होंने हाथीदह रेल थाना में सनहा दर्ज कराया।इस मामले में चितरंजन जीआरपी के सब इंस्पेक्टर विमल कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। उनका कहना है कि यदि हाथीदह रेल थाना से शिकायत की प्रति आधिकारिक प्रक्रिया के तहत प्राप्त होती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना ने कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि चोरी चितरंजन स्टेशन पर हुई थी तो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच क्यों नहीं की गई? साथ ही, रात्रिकालीन ट्रेन में सुरक्षा बल की अनुपस्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि रेलवे को यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि सफर सुरक्षित और भरोसेमंद बन सके।
पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में यात्री का बैग चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल; हाथीदह रेल थाना में दर्ज हुआ सनहा
