मरीन ड्राइव पर भीषण हादसा, ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी समेत चार की मौत; स्कूल जाते समय हुआ हादसा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 सितंबर जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर सामने आने के बाद मंत्री के परिवार और परिचितों के बीच शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार, सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी-मरीन ड्राइव मार्ग पर यह दुर्घटना हुई। एक कार की सड़क पर खड़े खराब ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की जान चली गई। स्थानीय रिपोर्टों में मृतकों में तृषा सिंह के अलावा दो युवक और एक अन्य युवती के शामिल होने की जानकारी दी गई है।बताया गया है कि तृषा सिंह जमशेदपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। गुरुवार सुबह स्कूल जाने के दौरान वह हादसे का शिकार हुईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त कार से शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहतकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मामले की जांच की जा रही है।तृषा सिंह के निधन की सूचना के बाद झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त किया। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द बेहद असहनीय होता है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की प्रार्थना की।पुलिस हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *