न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 सितंबर मिहिजाम। डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं को कंप्यूटर एवं डिजिटल कौशल से दक्ष बनाने की दिशा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को सफल समापन हुआ। मिहिजाम के पी. बनर्जी रोड स्थित एफवीटीआरएस (FVTRS) ट्रेनिंग सेंटर में मेगा सर्टिफिकेट वितरण समारोह आयोजित कर प्रशिक्षण पूरा करने वाले 45 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ एफवीटीआरएस के प्रभारी तरूण दत्ता ने किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के बीच प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम एसटी फाउंडेशन (ST Foundation) के सहयोग से संचालित कंप्यूटर एवं डिजिटल लिटरेसी प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था।समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर का ज्ञान और डिजिटल तकनीक की समझ केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार और स्वरोजगार के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण कौशल बन चुका है। युवाओं को इस तरह के व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बदलते तकनीकी परिवेश में बेहतर अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कंप्यूटर के बुनियादी उपयोग के साथ डिजिटल माध्यमों से जुड़ी आवश्यक जानकारी और कौशल प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 45 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र मिलने पर उनके चेहरे पर उत्साह नजर आया।मौके पर कंप्यूटर ट्रेनर चिरंजीत रक्षित, रीतु देवी, अनुष्का कुमारी, इशिका कुमारी और अमन कुमार सहित अन्य अतिथि, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षु मौजूद रहे।समारोह के समापन पर प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही युवाओं से प्राप्त तकनीकी ज्ञान का उपयोग शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में करने का आह्वान किया गया।
मिहिजाम में डिजिटल हुनर को मिला सम्मान, 45 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र

