न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर सालानपुर। सालानपुर क्षेत्र के शिवदासपुर से बनबिडी जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। बनजेमारी रेल साइडिंग से सटी इस सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और उनमें जमा पानी के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ईसीएल के कोयला लदे डंपरों समेत सभी भारी वाहनों का परिचालन रोक दिया।स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश शुरू होते ही सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पहले इसी मार्ग पर बाइक दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। शुक्रवार सुबह फिर एक टोटो के पलटने से हादसा हो गया। लगातार दो घटनाओं के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क से भारी वाहनों का नियमित आवागमन होता है। इसके बावजूद लंबे समय से इसकी स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि हर साल बरसात में सड़क की यही स्थिति क्यों बनती है और हर बार अस्थायी मरम्मत के भरोसे लोगों को क्यों छोड़ दिया जाता है।सूचना मिलने पर प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक चले अवरोध के बाद अधिकारियों ने सड़क की जल्द पक्की मरम्मत कराने तथा तत्काल गड्ढों को भरने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और मौके पर ही गड्ढों की भराई का काम शुरू कराया गया।हालांकि, ग्रामीण स्थायी समाधान को लेकर अब भी आश्वस्त नहीं हैं। उनका कहना है कि पहले भी मिट्टी-पत्थर डालकर खानापूर्ति की गई, जो बारिश में बह गई। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के साथ रात में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की है।
जर्जर सड़क पर फिर हादसा, भड़के ग्रामीणों ने ईसीएल के डंपर रोके

