26 अगस्त को बराकर में निकलेगा भव्य जुलूस, शांति-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने की बैठक

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 22 अगस्त बराकर। आगामी पवित्र नबी दिवस के मद्देनजर बराकर क्षेत्र में शांति, सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बराकर फांड़ी परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, व्यवसायी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श किया।बैठक में बराकर फांड़ी प्रभारी अंजन कुमार रजक, एसआई सोमनाथ भट्टाचार्य तथा बराकर सब-ट्रैफिक गार्ड के एएसआई सहित चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, समाजसेवी और विभिन्न मोहल्लों व अखाड़ा समितियों के सदस्य शामिल हुए।बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 26 अगस्त की सुबह 9 बजे मुस्लिम समाज की ओर से नबी दिवस के अवसर पर विशाल जुलूस निकाला जाएगा। बलतुरिया, मामड़िया, जमाली मोहल्ला, करीमडांगा सहित बराकर के विभिन्न इलाकों की स्थानीय समितियां अपने-अपने क्षेत्रों से निर्धारित परंपरा के अनुसार जुलूस लेकर निकलेंगी।इसके बाद सभी जुलूस बराकर रेलवे स्टेशन मोड़ पर एकत्रित होंगे। यहां से संयुक्त रूप से मुख्य जुलूस स्टेशन रोड होते हुए बेगुनिया जीटी रोड की ओर बढ़ेगा और अंत में हनुमान चढ़ाई में सामूहिक दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को सुचारु रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। सभी आयोजन समितियों को अपने-अपने स्वयंसेवक तैनात करने को कहा गया है, ताकि वे पुलिस के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था संभाल सकें।पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अशांति, हुड़दंग या सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में चेंबर ऑफ कॉमर्स और समाजसेवियों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नबी दिवस का आयोजन आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *