चिरेका में सीडीएमएस के निलंबन पर श्रमिक संगठन का विरोध, यूनियन ने तत्काल आदेश वापस लेने की मांग की

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 22 अगस्त चित्तरंजन। चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स के स्टोर विभाग में तैनात एच वार्ड (3-फेज) के सीडीएमएस के निलंबन को लेकर चिरेका लेबर यूनियन-सीटू ने कड़ा विरोध जताया है। यूनियन ने निलंबन आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि मौजूदा समस्या के लिए किसी एक कर्मचारी को जिम्मेदार ठहराने के बजाय विभाग की मूलभूत व्यवस्थाओं में सुधार किया जाना चाहिए।यूनियन नेताओं के अनुसार, चिरेका के स्टोर विभाग का मौजूदा ढांचा करीब 450 लोकोमोटिव के उत्पादन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। वर्तमान में उत्पादन बढ़कर लगभग 800 लोकोमोटिव तक पहुंच गया है। ऐसे में सीमित भंडारण क्षमता और पर्याप्त कर्मचारियों की कमी के कारण सामग्री के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव में लगातार परेशानी सामने आ रही है।यूनियन के महासचिव राजीब गुप्ता ने कहा कि 800 लोकोमोटिव के अनुरूप स्टोर विभाग की क्षमता विकसित नहीं की गई है। ऐसे हालात में हाउसकीपिंग की कमी के लिए केवल सीडीएमएस को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने स्टोर विभाग के व्यापक उन्नयन के साथ पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की नियुक्ति और तैनाती की मांग की।उपाध्यक्ष चिन्मय गुहा ने निलंबन को व्यवस्था की खामी का परिणाम बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। संगठन सचिव स्नेहाशीष चक्रवर्ती तथा सुपरवाइजर सेल के कार्यकारिणी सदस्य समीरन चक्रवर्ती और रूपन चौधरी ने भी विरोध में शामिल होकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया।यूनियन ने मांग की कि निलंबन आदेश वापस लेने के साथ स्टोर विभाग में पर्याप्त मैनपावर उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा भंडारण क्षमता का विस्तार, आधुनिक सुविधाओं का विकास और बेहतर इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाए। संगठन का कहना है कि उत्पादन बढ़ने के साथ सामग्री प्रबंधन की व्यवस्था को भी उसी अनुपात में मजबूत करना जरूरी है, ताकि कार्यस्थल की सुरक्षा और संचालन की दक्षता सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *