ढाई महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप, सालानपुर की फैक्ट्री गेट पर मजदूरों का प्रदर्शन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 23 सितंबर पश्चिम बर्दवान। सालानपुर के नकड़जोड़िया औद्योगिक क्षेत्र स्थित अंजनेय रेल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में कथित वेतन बकाया को लेकर बुधवार को मजदूरों में नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में श्रमिकों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन करते हुए बकाया मजदूरी के भुगतान और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई।मजदूरों का आरोप है कि पिछले करीब ढाई से तीन महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। उनका कहना है कि बार-बार भुगतान की मांग करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि वेतन मांगने पर उन्हें काम छोड़कर चले जाने की बात कही जाती है और शिकायत करने पर एफआईआर की धमकी भी दी जाती है।मजदूरों के मुताबिक, वेतन भुगतान को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन और ठेकेदार के बीच जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही है। श्रमिकों का कहना है कि प्रबंधन ठेकेदार पर भुगतान की जिम्मेदारी डालता है, जबकि ठेकेदार की ओर से कथित तौर पर कहा जाता है कि जब तक मालिक की ओर से राशि नहीं मिलेगी, तब तक मजदूरी का भुगतान कैसे किया जाएगा। इससे 100 से अधिक श्रमिकों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न होने का दावा किया जा रहा है।श्रमिकों ने वेतन के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा सुविधाओं की कमी का भी आरोप लगाया। उनके अनुसार कई कर्मचारियों को पीएफ और ईएसआई की सुविधा नहीं मिल रही है। सुरक्षा के लिए सेफ्टी शू और हेलमेट उपलब्ध नहीं कराए जाने का भी आरोप है। इसके अलावा फैक्ट्री में एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात कही गई।मजदूरों ने बताया कि कुछ दिन पहले एंगल गिरने से एक श्रमिक घायल हुआ था। उनका आरोप है कि घटना के बाद भी समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं की गई।प्रदर्शनकारी मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया वेतन का भुगतान और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित नहीं किए गए, तो वे व्यापक आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *