हाई रिटर्न का झांसा देकर महिला से 3.10 लाख की ठगी, निवेश के नाम पर फंसाकर कर्ज के बोझ तले छोड़ा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 3 अगस्त आसनसोल/कुल्टी। अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दो लोगों पर विश्वास में लेकर न केवल बड़ी रकम हड़पने, बल्कि कर्ज के जाल में भी फंसाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कुल्टी थाना अंतर्गत साकतोरिया पुलिस फाड़ी और कुल्टी साइबर क्राइम सेल में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता इशरत जहां के अनुसार, मो आदिल और मो जमील नामक दो व्यक्तियों ने उन्हें एक निवेश योजना का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि दोनों ने बैंक से कहीं अधिक ब्याज मिलने और निवेश की गई पूरी राशि सुरक्षित रहने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों पर विश्वास कर पीड़िता ने अलग-अलग चरणों में यूपीआई के माध्यम से कुल 3 लाख 10 हजार रुपये उनके बताए खातों में भेज दिए। महिला का कहना है कि सभी लेनदेन से जुड़े यूटीआर नंबर, ट्रांजैक्शन आईडी और अन्य दस्तावेज उनके पास सुरक्षित हैं।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों के कहने पर उन्होंने बजाज फिनसर्व और एचडीबी फाइनेंस के माध्यम से ऋण लेकर तीन मोबाइल फोन खरीदे। इतना ही नहीं, एक डिजिटल लोन ऐप से भी 3 हजार रुपये का कर्ज लिया गया। अब उनके नाम पर लगभग 70 हजार रुपये का बकाया ऋण हो गया है।महिला का कहना है कि बकाया राशि को लेकर विभिन्न वित्तीय संस्थानों के रिकवरी एजेंट लगातार फोन कर रहे हैं और घर पहुंचकर भुगतान का दबाव बना रहे हैं। पूरे मामले से मानसिक और आर्थिक परेशानी झेल रही पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *