न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 1 सितंबर रूपनारायणपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावट और स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को रूपनारायणपुर क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर चौकी की पुलिस के सहयोग से कई होटल, भोजनालय और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।जांच के दौरान अधिकारियों को कई प्रतिष्ठानों में खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक फूड लाइसेंस नहीं मिला। कुछ दुकानों में पीने के पानी से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। वहीं कई होटल और मिठाई दुकानों की रसोई में साफ-सफाई का स्तर संतोषजनक नहीं पाया गया। अधिकारियों ने संचालकों को मौके पर ही कमियां दूर करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया।अभियान के दौरान एक होटल की रसोई में इस्तेमाल किए जा रहे कुछ मसालों की गुणवत्ता पर अधिकारियों को संदेह हुआ। प्रारंभिक जांच में मसाले मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने की आशंका जताई गई। अधिकारियों ने संदिग्ध मसालों को इस्तेमाल से हटाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही कुछ मसालों के नमूने विधिवत संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मसालों में वास्तव में मिलावट थी या नहीं।खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में खामियां मिली हैं, उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।विभाग ने संकेत दिया है कि मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ औचक जांच आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर दुकानदार अधिक सतर्क होंगे।
मसालों में मिलावट का शक, रूपनारायणपुर में खाद्य विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप

