भाजपा कार्यकर्ताओं को जमानत मिलने पर हरिमोहन मिश्रा बोले—‘न्यायपालिका पर भरोसा, साजिश कामयाब नहीं होने देंगे’

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 सितंबर जामताड़ा। सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और नवजात की मौत के मामले को लेकर दर्ज प्राथमिकी में नामजद भाजपा जिला अध्यक्ष समेत आठ कार्यकर्ताओं को न्यायालय से जमानत मिलने के बाद भाजपा ने इसे बड़ी राहत बताया है। भाजपा केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि पार्टी को न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और राजनीतिक दबाव के जरिए किसी के खिलाफ कार्रवाई की कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।मिश्रा ने कहा कि मामले में न्यायालय के फैसले से भाजपा कार्यकर्ताओं को राहत मिली है। उन्होंने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रदेश नेतृत्व लगातार मामले की निगरानी कर रहा था और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ा रहा। उन्होंने कहा कि जब तक वह सक्रिय राजनीति में हैं, पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कथित षड्यंत्रों का राजनीतिक और कानूनी स्तर पर विरोध जारी रहेगा।उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर डॉ. इरफान अंसारी के राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्यकाल की समग्र जांच कराने की मांग करेंगे। उनका कहना है कि जांच के जरिए स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों की वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए।मिश्रा ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग और अनुबंध के जरिए नियुक्तियों में अनियमितता हो रही है तथा दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में भी करोड़ों रुपये के घोटाले का खेल चल रहा है। उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए 108 एंबुलेंस सेवा को बंद करने की घोषणा से आम लोगों की परेशानी बढ़ेगी।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति का सबसे अधिक असर गरीब, आदिवासी, दलित और कमजोर वर्गों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *