परित्यक्त हिंदुस्तान केबल्स की इमारत में भीषण आग, कई मंजिलें जलकर खाक

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 सितंबर रूपनारायणपुर। बंद हो चुकी ऐतिहासिक सरकारी कंपनी हिंदुस्तान केबल्स के आरएंडडी विभाग की परित्यक्त बहुमंजिला इमारत में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भवन की कई मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर में इमारत से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। सूचना मिलने पर रूपनारायणपुर पुलिस फांड़ी की टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। चित्तरंजन से दमकल की एक गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए आसनसोल से भी दमकल टीम को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई।बताया गया कि भवन की दूसरी मंजिल पर बीएसएनएल का किराये का कार्यालय संचालित होता था। आग का असर इसी हिस्से में अधिक रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि बीएसएनएल कुछ दिन पहले ही अपना कार्यालय दूसरी जगह स्थानांतरित कर चुका था।हिंदुस्तान केबल्स के अधिकारी आरएन ओझा ने बताया कि भवन में कंपनी का कोई महत्वपूर्ण सामान मौजूद नहीं था। जरूरी और कीमती सामग्री पहले ही नीलाम की जा चुकी है। आग में लकड़ी व फाइबर से बने केबिन, फर्नीचर तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए।लंबे समय से देखरेख के अभाव में जर्जर हो चुकी इमारत अब और कमजोर हो गई है। स्थानीय लोगों ने यहां कथित असामाजिक गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की आवाजाही का भी आरोप लगाया है। आशंका जताई जा रही है कि बीड़ी-सिगरेट का जलता टुकड़ा या जानबूझकर लगाई गई आग वजह हो सकती है। हालांकि आग के वास्तविक कारण का खुलासा जांच के बाद ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *