चरकी पहाड़ी में मामूली विवाद ने लिया जानलेवा रूप, बीच-बचाव करने पहुंची महिला की मौत, गांव में तनाव

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 जुलाई 2026 जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के चरकी पहाड़ी गांव में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ आपसी विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। इस खूनी झड़प में बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला की जान चली गई, जबकि उसी परिवार के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालात को देखते हुए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान सुमित्रा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह खेत की ओर चाय लेकर जा रही थीं। इसी दौरान गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। सुमित्रा देवी ने झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई।घायल अवस्था में परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना में परिवार के दो अन्य युवक भी बुरी तरह घायल हुए हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।मृतका के परिजनों ने घटना के लिए रामू पोद्दार, गेंदो पोद्दार, दिनेश पोद्दार, गुलटन पोद्दार, बजरंग पोद्दार, पूजा देवी, बेबी देवी, संतोषी देवी और उषा देवी सहित अन्य लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि सभी ने मिलकर हमला किया, जिसके कारण यह दुखद घटना हुई।घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ वसिम रजा तथा करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और त्वरित कार्रवाई करते हुए बजरंग पोद्दार, पूजा देवी तथा उषा देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। अन्य नामजद लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।एसडीपीओ वसिम रजा ने बताया कि अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर संबंधित आरोपितों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *