न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 अगस्त जामताड़ा। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों के मोबाइल में खतरनाक एपीके फाइल इंस्टॉल कराने और बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया।साइबर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी स्थित ओंगराडीह टोला में छापेमारी कर आरोपियों को धर दबोचा।गिरफ्तार आरोपियों में अरबाज अंसारी, शरीफ अंसारी, इरफान अंसारी और फरीद अंसारी शामिल हैं। सभी की उम्र 19 से 20 वर्ष के बीच है और वे कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से 11 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विभिन्न कूरियर कंपनियों के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से संपर्क करते थे। शिकायत दूर करने का झांसा देकर वे पीड़ितों को एक फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। फाइल इंस्टॉल होते ही मोबाइल की महत्वपूर्ण जानकारियां उनके कब्जे में पहुंच जाती थीं, जिसके बाद वे बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।मामले में कर्माटांड़ साइबर थाना कांड संख्या 49/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर एपीके फाइल डाउनलोड न करें और बैंकिंग या निजी जानकारी किसी के साथ साझा करने से बचें।
फर्जी कस्टमर केयर का जाल बिछाकर करते थे बैंक खाते साफ, जामताड़ा पुलिस ने चार साइबर ठगों को दबोचा
