न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 अगस्त जामताड़ा। अंतरराष्ट्रीय वुशु दिवस के अवसर पर सोमवार को जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन की ओर से नगर स्थित सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस एंड फिटनेस सेंटर के परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड राज्य वुशु एसोसिएशन के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में वुशु खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।कार्यक्रम की शुरुआत वुशु खिलाड़ियों के विभिन्न मार्शल आर्ट कौशल के प्रदर्शन से हुई। खिलाड़ियों ने स्पीड किकिंग सहित कई तकनीकों का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा वुशु खेल और खिलाड़ियों में जागरूकता को लेकर चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में केक काटकर सभी ने एक-दूसरे को अंतरराष्ट्रीय वुशु दिवस की शुभकामनाएं दीं।इस मौके पर जिला वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. तुषार कांति माजी ने कहा कि वुशु केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, मजबूत मन और अनुशासित जीवन का माध्यम है। नियमित अभ्यास और व्यायाम से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक एवं बौद्धिक विकास भी होता है। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को मार्शल आर्ट से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। कहा कि वुशु का प्रशिक्षण बालिकाओं को आत्मरक्षा के साथ आत्मविश्वास भी प्रदान करता है।एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वुशु दिवस की पहल इंटरनेशनल वुशु फेडरेशन द्वारा वुशु को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। इसका मकसद लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और मानसिक मजबूती के प्रति जागरूक करना है।कार्यक्रम में उपाध्यक्ष महाप्रसाद दत्ता, राहुल सिंह, सूरज कुमार पासवान, किरण मिश्रा, भास्कर चांद, संजीव सिंह, अजीत यादव, मनोज पांडे, अरुण मंडल समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अभिभावक मौजूद रहे।
आत्मरक्षा से आत्मविश्वास तक: जामताड़ा में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय वुशु दिवस
